
PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर के करवड़ थाना इलाके के गांगाणी गांव से दो दिन पहले लापता हुए किशोर का शव गांव के कुएं में मिला। इसकी जानकारी मिलने पर आक्रोशित परिजन स्थानीय ग्रामीणों के साथ मौके पर ही टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए। दोपहर से देर शाम तक पुलिस के अधिकारी समझाइश करते रहे। आखिरकार, पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा देने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, जब जाकर परिजन माने और धरना खत्म किया।
करवड़ थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि गांगाणी निवासी अशोक इनाणिया (17) पुत्र परसाराम दो दिन पहले गांव में ही प्याऊ की लोडिंग करवाने के लिए गांव के ही कुछ युवकों के साथ गया था। रात करीब 10 बजे के आसपास गांव के अन्य युवक लौट आए, लेकिन अशोक घर नहीं लौटा। उन युवकों से पूछने पर उन्होंने यही कहा कि वे अशोक को गांव में ही छोड़कर अपने-अपने घर निकल गए थे। उसके बाद वो कहां और किसके साथ गया, उन्हें नहीं पता
इसके बाद अशोक के परिजनों ने करवड़ थाने में उस नाबालिग के लापता होने पर अपहरण (गुमशुदगी) का केस दर्ज कराया। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि गांव के तालाब में बेरी (कुएं) में शव पड़ा है। इसके बाद पुलिस की सूचना पर अशोक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव बाहर निकलवाया, तो उसकी शिनाख्त अशोक के रूप में हुई।
इसके बाद परिजन स्थानीय ग्रामीणों के साथ मौके पर ही धरना देकर बैठ गए। इनकी मांग थी कि जिन युवकों के साथ अशोक गया था, उन्हीं पर संदेह है, इसलिए उन्हें गिरफ्तार कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, पुलिस ने परिजनों व ग्रामीणों से समझाइश करते हुए कहा कि जब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं होगा, तब तक मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाएगा।
फिलहाल पुलिस ने मौके से शव एमजीएच मोर्चरी में रखवाया है। मंगलवार को मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उसी में मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस इस संबंध में दर्ज प्रकरण में दूसरे पहलू पर भी जांच कर रही है।


