
PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर की प्रतापनगर थाना पुलिस ने घर में बने मंदिर से 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के छत्र चुराने के मामले में 4 आरोपियों सहित 2 खरीदार भाइयों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह चारण ने बताया कि चोरी के आरोपी राजसमंद खमनोर निवासी कालूनाथ कालबेलिया, राजसमंद केलवाड़ा निवासी किशन कालबेलिया, भुवाणा निवासी लोकेश कालबेलिया, इंद्रा कॉलोनी गोवर्धन विलास निवासी विनोद उर्फ बांका कालबेलियाको गिरफ्तार किया।
10 लाख का माल 3.20 लाख में बेचा
आरोपियों ने 10 लाख रुपए कीमत के छत्र नाथद्वारा निवासी विनोद सोनी और इसके भाई ऋषभ सोनी को महज 3.20 लाख रुपए में बेच दिए थे। ऐसे में पुलिस ने विनोद सोनी और इसके भाई ऋषभ सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने 5 और चोरियों का खुलासा किया है। ये सूने मकानों को निशाना बनाते हैं। पिछले 2 माह में इन्होंने सुखेर में एक घर से 7 ग्राम चांदी, एक जोड़ी सोने की बालियां, चित्रकूट नगर से 400 ग्राम चांदी व नकदी, काली मगरी से नकदी, मीरा नगर से आधा किलो चांदी और बेदला में सूने मकान से नकदी चुराना कबूल किया है।
घर में ही बना रखा है माताजी का मंदिर
आरोपियों के खिलाफ खमनोर, गोवर्धन विलास और सुखेर थाने में चोरी, नकबजनी के केस दर्ज हैं। बता दें, सर्जन कॉम्पलेक्स, शोभागपुरा रोड हाल बोहरा गणेशजी निवासी राजेन्द्र कुमार ने गत 4 मई को रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि बोहरा गणेशजी स्थित मकान में ज्वाला माताजी का मंदिर है।
गत 3 मई की रात 2 बजे वह शोभागपुरा वाले घर गए। अगली दोपहर 2:30 बजे लौटे तो मकान का ताला टूटा मिला। मंदिर में सामान बिखरा पड़ा था। सोने के 3 छत्र नहीं मिले। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया।


