
PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर के मावली ब्लॉक में आज सुबह लेपर्ड पिंजरे में आ गया। 3 दिन से ग्रामीण दहशत में थे। डर था कि लेपर्ड घरों में न घुस जाए। ग्रामीणों ने आज लेपर्ड के पिंजरे में आने के बाद राहत ली। दूसरी तरफ कुराबड़ क्षेत्र में एक लेपर्ड के फंदे में फंस गया।
उदयपुर से करीब 35 किलोमीटर दूर मावली ब्लॉक के खेमली पंचायत समिति के विजनवास-गंदोली मार्ग पर 3 दिन से लेपर्ड का मूवमेंट था। तीन दिन पहले वन विभाग की ओर से लोगों की मांग पर पिंजरा लगाया गया था।
वनकर्मियों को लेपर्ड की चालाकी समझ आने पर पिंजरे की जगह बदल दी गई। गुरुवार शाम को गंदोली में स्कूल के पीछे खदान के पास पिंजरा लगाया था, जिसमें आज सुबह करीब 8 बजे के करीब लेपर्ड पिंजरे में आ गया।
वन विभाग की टीम ने मौके से भीड़ को हटाकर पिंजरे को दूसरे वाहन में लेकर लेपर्ड को उदयपुर के सज्जनगढ़ बायोलोजिकल पार्क लेकर रवाना हुए। ग्रामीण भीमराज मेघवाल ने बताया- विजनवास, गंदोली, बिठोली, तुरकिया आदि कई गांवों के लोग लेपर्ड से परेशान थे। विजनवास-गंदोली मार्ग पर पिछले कई दिनों से लेपर्ड मवेशियों के साथ ही श्ववानों शिकार कर रहा था।
इधर, उदयपुर जिले के कुराबड़ ब्लॉक में भी आज बिछड़ी गांव के पास एक लेपर्ड झाड़ियों में एक फंदे में फंस गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने देखा कि लेपर्ड झाड़ियों से निकलने का प्रयास कर रहा था लेकिन नहीं निकल पा रहा था। इस बीच देखते ही देखते वहां भी भीड़ जमा हो गई। बाद में वन विभाग को सूचित किया गया है।


