
PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल पुलिस ने चेक बाउंस के मामले में एक आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार किया। आरोपी दाउदखान पुत्र उमरावखान जसवंतपुरा रोड के अशोक नगर का रहने वाला है।
पुलिस निरीक्षक रामेश्वर भाटी ने बताया कि आरोपी ने घड़साना की एक फर्म से अपनी फर्म केजीएन ईंट सप्लायर्स भीनमाल के नाम पर 10 लाख रुपए की ईंटें खरीदी थीं।
भुगतान के लिए दिया गया चेक बाउंस हो गया। आरोपी के खिलाफ न्यायिक मजिस्ट्रेट घड़साना से गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी एक यूट्यूब चैनल भी चलाता था। इसके जरिए वह पुलिस और घड़साना के ईंट व्यापारियों पर दबाव बनाने की कोशिश करता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ घड़साना में पहले से ही पांच मामले दर्ज हैं। उसका तरीका था कि वह चेक देकर ईंटों के ट्रक मंगवाता और फिर राशि का भुगतान नहीं करता था।
भीनमाल पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी को घड़साना पुलिस के हवाले कर दिया है। अब आगे की कार्रवाई घड़साना पुलिस करेगी।


