
PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर। उदयपुर के कुराबड़ थाना क्षेत्र में बदमाशों ने आंगन में सो रही महिला के सोने के जेवरात लूट लिए। लूट के दौरान महिला के साथ मारपीट की गई। खींचतान में महिला के दोनों कानों में छेद फट गए और खून निकलने लगा। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार- बंगला की ढाणी जगत निवासी शांति बाई रेबारी अपने घर के आंगन में सोई हुई थी। रात करीब 2 से 3 बजे के बीच बदमाशों ने महिला के कान पकड़कर झटके से सोने के कुंडल निकाल लिए, जिनका वजन करीब एक तोला था। गले में पहनी एक तोला सोने की चेन भी तोड़कर ले गए।
खेत पर सो रहा पति भेरूलाल घर पहुंचा। उससे पहले ही बदमाश फरार हो गए। वारदात के बाद आस-पास ग्रामीण एकत्रित हो गए। महिला को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया। सुबह सूचना मिलने पर डिप्टी सूर्यवीर सिंह राठौड़ और कुराबड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला व परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने पीड़िता शांति बाई की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस वारदात को लेकर आसपास सीसीटीवी कैमरे खंगालने और लोगों से पूछताछ करने में जुटी है। हालांकि बदमाशों का फिलहाल कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।


