
PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में वल्लभनगर के तारावट गांव में रविवार शाम को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। साथ ही तीन बकरियां भी मारी गईं। हादसे में एक महिला भी घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसे में महिला टमुबाई (44) पत्नी लोगर गाडरी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी महिला कंकूबाई (50) पत्नी भाना गाडरी घायल हो गई।
दोनों महिलाएं सुबह खेत में बकरियां चराने गई थी, तभी अचानक तेज बारिश शुरू हुई। बारिश से बचने के लिए दोनों महिलाएं अपनी बकरियों को लेकर रामचन्द्र नाई के खेत में पेड़ के नीचे पहुंची। तभी तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी। टमुबाई मौके पर ही गिर पड़ी। उनके शरीर का काफी हिस्सा झुलस गया। तीन बकरियों की भी उसी वक्त मौत हो गई। जबकि पास ही खड़ी महिला कंकूबाई घायल हो गई। होश आने पर कंकूबाई ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास खेत में काम कर रहे लोग दौड़कर पहुंचे।
टमुबाई को तुरंत वल्लभनगर सैटेलाइट हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला कंकूबाई को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मृतक महिला के शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया जारी है। जानकारी अनुसार मृतक महिला बीपीएल परिवार से थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे। सरपंच भेरूलाल गुर्जर, पूर्व सरपंच भेरूलाल जाट सहित कई लोग हॉस्पिटल पहुंचे। परिजनों को ढांढस बंधाया।


