PALI SIROHI ONLINE
शिक्षा के क्षेत्र में सुमेरपुर की बड़ी छलांग: वाइब्रेंट वैली हाई स्कूल को मिली कक्षा 12वीं तक सीबीएसई मान्यता
क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान ‘वाइब्रेंट वैली हाई स्कूल, सुमेरपुर’ ने शिक्षा जगत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), नई दिल्ली द्वारा उच्च माध्यमिक स्तर (कक्षा 1 से 12वीं) तक की नवीन संबद्धता प्रदान कर दी गई है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि न केवल विद्यालय प्रबंधन के लिए हर्ष का विषय है, बल्कि सुमेरपुर और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए विश्वस्तरीय शिक्षा के द्वार खोलने वाली है।
बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, विद्यालय का संबद्धता क्रमांक 1731268 है।
विद्यालय की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रबंधन समिति में भारी उत्साह है। निदेशक डॉ. नारायण बिश्नोई ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा ध्येय सदैव सुमेरपुर जैसे क्षेत्र में ऐसी शिक्षा व्यवस्था प्रदान करना रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बड़े शहरों जैसा अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि इस मान्यता से अब यहाँ के छात्र राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए स्वयं को बेहतर ढंग से तैयार कर पाएंगे।
अध्यक्ष महावीर सिंह सिसोदिया ने इसे पूरी टीम के अथक परिश्रम का प्रतिफल बताया। उन्होंने कहा, “यह केवल एक मान्यता नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि है।” वहीं, प्रबंधक प्रवीण चौधरी ने विश्वास दिलाया कि विद्यालय प्रशासन आने वाले सत्र में आधुनिक संसाधनों के साथ विद्यार्थियों का स्वागत करेगा। शैक्षणिक रूपरेखा पर चर्चा करते हुए बताया कि बोर्ड के मानकों के अनुसार नवाचार और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अब क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा के लिए बाहर जाने की विवशता नहीं होगी। विद्यालय प्रशासन ने सूचित किया है कि 1 अप्रैल 2026 से नवीन सत्र का शुभारंभ होगा और प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र ही प्रारंभ कर दी जाएगी।

