PALI SIROHI ONLINE
महावीर मेवाडा
*सांडेराव और आस-पास के क्षेत्रों में नवरात्रि महोत्सव की धूम, आज से सजेगा माता रानी का दरबार; गरबा मंडल की तैयारियां पूरी*
सांडेराव। शारदीय नवरात्रि महोत्सव को लेकर सांडेराव, सिंदरू, बिरामी, आकदड़ा सहित दूजाना क्षेत्र में भारी उत्साह देखा जा रहा है। क्षेत्र के विभिन्न गरबा मित्र मंडलों द्वारा डांडिया और गरबा रास के भव्य आयोजनों की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। आज माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना के साथ ही डांडिया रास और गरबा महोत्सव का विधिवत शंखनाद होगा।
*सांडेराव में यहाँ सजेगा मां का दरबार:–*
सांडेराव कस्बे सहित आस-पास के ग्रामीण इलाकों में गरबा महोत्सव को लेकर युवाओं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। सांडेराव क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री अंबिका मंदिर, श्री दुदेली माता मंदिर तथा हॉस्पिटल रोड स्थित श्री अंबिका मंदिर (हरिओम आश्रम) में माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना और आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा, जिसके बाद पारंपरिक गरबा नृत्य की शुरुआत होगी।
*सिंदरू और बीरामी में भी विशेष आयोजन:-*
सिन्दरू गांव में माता खेड़ा देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ गरबा महोत्सव का आगाज होगा। यहाँ जगदंबा नवयुवक मंडल द्वारा गरबा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर पंडाल को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। इसी प्रकार, बिरामी गांव के वाराही माता मंदिर परिसर में भी माताजी की विशेष महाआरती और पूजा-अर्चना के साथ भक्तिमय गरबा रास कार्यक्रमों की शुरुआत की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, 9 दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व पर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था और रोशनी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और भक्तिमय माहौल में माता रानी की आराधना कर सकें।




