
PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-नोहरा गांव ने नशामुक्ति की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आज गांव की सभी 36 बिरादरियों ने एकजुट होकर गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। गांव की आम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। इसके तहत सभी सामाजिक कार्यक्रमों में नशे का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिबंध विवाह समारोह, जागरण, हेला, ढूंढ़ोउत्सव और मृत्यु भोज जैसे सभी आयोजनों पर लागू होगा।
ग्राम सभा ने सभी प्रकार के नशीले पदार्थों पर रोक लगा दी है। इनमें अफीम, डोडा, बीड़ी और सिगरेट शामिल हैं। जाजम को छोड़कर किसी भी स्थान पर नशीले पदार्थों का सेवन नहीं किया जा सकेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों को आर्थिक दंड का सामना करना पड़ेगा। गांव के सभी लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया है। सभी ग्रामवासियों ने एकजुट होकर ‘नशा मुक्त हो गांव हमारा’ का नारा लगाया। यह कदम गांव को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।