
PALI SIROHI ONLINE
बाली-बाली में गुरुवार सुबह एक युवक की सांप के डसने से मौत हो गई। खुडाला निवासी पुष्कर मेघवाल (25) के पिता सखाराम ने बताया कि बुधवार रात को परिवार के साथ खाना खाने के बाद सभी सो गए थे। पुष्कर अपने पलंग पर सो रहा था। सुबह जब उसका छोटा भाई उसे जगाने गया, तो वह बेहोश मिला। भाई ने तुरंत पिता को बताया। जब वे पुष्कर के पास जा रहे थे वहां एक सांप भी दिखाई दिया।
परिजन तुरंत पुष्कर को बाली अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुष्कर को अस्पताल ले जाते समय सांप को भी एक प्लास्टिक के डिब्बे में डालकर अस्पताल लेकर आए।
सखाराम ने बताया कि पुष्कर और परिवार के अन्य सदस्य छतरी बनाने का काम करते हैं। मृतक ने बुधवार को दिनभर छतरी बनाने का काम किया था।


