PALI SIROHI ONLINE
नाना रेलवे स्टेशन की 33 केवी केबल का जॉइंट बदलने के दौरान आधा दर्जन गांवों की बिजली रही बंद, गर्मी में परेशान हुए ग्रामीण
बाली (पाली)। बाली उपखंड के नाना रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे की अंडरग्राउंड 33 केवी केबल का जॉइंट खराब होने के कारण विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही थी। समस्या के स्थायी समाधान के लिए विद्युत निगम द्वारा मरम्मत कार्य किया गया।
कार्य के चलते दोपहर 3 बजे से साढ़े 4 बजे तक चामुंडेरी सहित आसपास के आधा दर्जन गांवों और ढाणियों की विद्युत आपूर्ति बंद रही। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विद्युत निगम के कनिष्ठ अभियंता शुभम शर्मा ने बताया कि रेलवे की अंडरग्राउंड 33 केवी केबल का जॉइंट खराब होने के कारण बार-बार बिजली सप्लाई बाधित हो रही थी। तकनीकी टीम द्वारा खराब जॉइंट को बदलकर नया जॉइंट लगाया गया है, जिससे इस समस्या का स्थायी समाधान हो गया है और भविष्य में विद्युत आपूर्ति अधिक सुचारू रहने की उम्मीद है।


