पैनल अधिवक्ता के लिए आवेदन आमंत्रित, 15 जून अंतिम तिथि, जिले में 49 पदों पर होगा चयन
PALI SIROHI ONLINE
पैनल अधिवक्ता के लिए आवेदन आमंत्रित, 15 जून अंतिम तिथि, जिले में 49 पदों पर होगा चयन
पाली, 29 मई। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय एवं तालुका स्तर पर विभिन्न न्यायालयों, मंचों एवं अधिकरणों में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं से ‘‘पैनल अधिवक्ता’’ के रूप में चयन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह चयन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाली के सचिव (अपर जिला न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी ने बताया कि पाली जिले में कुल 49 पदों पर पैनल अधिवक्ताओं का चयन किया जाएगा। इनमें जिला मुख्यालय के लिए 10, बाली के लिए 6, सोजत के लिए 6, सुमेरपुर के लिए 6, देसूरी के लिए 12, मारवाड़ जंक्शन के लिए 5, सादड़ी के लिए 2 तथा रानी के लिए 2 पद निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास न्यूनतम 3 वर्ष का वकालत का अनुभव होना आवश्यक है। इच्छुक एवं पात्र अधिवक्ता ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से आवेदन पत्र भर सकते हैं। इसके साथ ही आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आवश्यक दस्तावेजों सहित व्यक्तिगत रूप से अथवा डाक के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली या संबंधित तालुका विधिक सेवा समिति कार्यालय में जमा करानी होगी।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 जून 2026 सायं 5 बजे तक निर्धारित की गई है। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के नोटिस बोर्ड तथा जिला न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट https://districts.ecourts.gov.in/pali का अवलोकन कर सकते हैं।

