
PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर की बड़गांव थाना पुलिस ने मजदूर की हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी और मृतक साथ में काम करते थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद आरोपी ने हत्या कर दी।
थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया- आरोपी रोहित यादव पुत्र रामसरण निवासी फर्रुखावाद, उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी रोहित का उसके साथी विजय सिंह से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। ऐसे में रोहित ने विजयसिंह के साथ मारपीट करते हुए उसके पेट और सीने में लात-घूसे मारना शुरू कर दिया। विजय सिंह को पेट में अंदरूनी चोट लगी। उसे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थानाधिकारी ने बताया- मामले में प्रार्थी मृतक के भतीजे मोनू ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें बताया कि वह, उसका भाई रवि और उसका चाचा विजय सिंह गांव में सेटरिंग का काम करते हैं। चाचा विजय सिंह 15 दिन पहले ही काम करने मोरवानिया कैंप पर आया था। 26 अप्रैल 2025 को रात करीब 8 बजे चाचा साथ में काम करने वाले रोहित यादव से बातचीत कर रहे थे। तब दोनों में किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।
रोहित ने विजयसिंह को नीचे पटककर जान से मारने की नीयत से पेट पर कोहिनी से कई बार पंच मारा। आसपास लोग बीच-बचाव करने पहुंचे। घायल अवस्था में तुरंत चाचा विजयसिंह को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां रात करीब 12 बजे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी रोहित यादव को गिरफ्तार किया है।


