PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
हेमावास में कैबिनेट मंत्री कुमावत ने किया प्रबुद्धजनों का सम्मान,किसानों से जैविक खेती पर किया संवाद
तखतगढ जून (खीमाराम मेवाडा) 15 जून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण को समर्पित केंद्र सरकार की 12 वर्षों की
परिवर्तनकारी यात्रा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विशेष जनसंपर्क अभियान एवं प्रबुद्धजन सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने अपने सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के हेमावास मंडल के हेमावास गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न समाजसेवियों तथा प्रबुद्धजनों के निवास स्थान पर पहुंचकर उनका शॉल ओढ़ाकर और माला पहनाकर अभिनंदन किया।
वरिष्ठजनों से आत्मीय भेंट और संवाद
कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र के सभी वरिष्ठजनों से आत्मीय भेंट कर उनकी कुशलक्षेम जानी। उन्होंने सामाजिक सरोकारों, क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रबुद्धजनों के साथ सार्थक संवाद किया। मंत्री कुमावत ने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए क्षेत्र के विकास में सभी से सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
किसानों और पशुपालकों को दी जैविक खेती की सीख
जनसंपर्क के दौरान कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय किसानों एवं पशुपालकों से भी आत्मीय संवाद किया। उन्होंने वर्तमान समय में रासायनिक खादों के दुष्परिणामों को रेखांकित करते हुए जैविक खेती एवं इसके दूरगामी फायदों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पशुपालकों को गोपालन के साथ-साथ जैविक खाद तैयार करने और उन्नत डेयरी प्रबंधन अपनाने के लिए प्रेरित किया ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके और स्वास्थ्य का भी संरक्षण हो। इस अवसर पर मंत्री श्री कुमावत ने समाजसेवी प्रताप खारवाल, हमीर सिंह चम्पावत, कृषक एवं पशुपालक धन्नाराम देवासी, मोहन लाल परिहार, गणाराम मेघवाल, भारतीय किसान संघ जोधपुर संभाग के अध्यक्ष मोडाराम पटेल, कृषक कानाराय घांची, रतन सिंह राजपुरोहित तथा सेवानिवृत्त शिक्षाविद् रामलाल कुमावत का सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

