
PALI SIROHI ONLINE
पाली-तखतगढ़ थाना क्षेत्र के बड़गावड़ा गांव में मंगलवार सुबह एक पति ने अपनी पत्नी के चेहरे पर मिर्ची डालकर उसके सिर पर तवा मारा। जिससे महिला गंभीर घायल हो गई। उसे कोसेलाव अस्पताल ले जाया गया। जहां से चिकित्सक ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद बांगड़ अस्पताल रेफर किया।
तखतगढ़ थाना क्षेत्र के बड़गावड़ा निवासी घायल ममता कुमावत (35) ने बताया कि उसके पति चांचौड़ी गांव की सरकारी स्कूल में अध्यापक है। पति की दिमागी हालत ठीक नहीं है। उसका उपचार चल रहा है। उसकी दो पुत्रियां भी है। सोमवार सुबह वो घर में दोनों बच्चियों के स्कूल जाने से पहले खाना बना रही थी। इस दौरान पति बनवारीलाल उससे झगड़ा करने लगे। आवेश में आकर उसने ममता के चेहरे पर मिर्ची डाल दी। इसके बाद उसके सिर पर तीन चार बार तवा मारा। जिससे उसके सिर में गहरी चोटें आई और खून बहने लगा। घायल ममता को निकट के कोसेलाव अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर उसे 108 एम्बुलेंस से पाली के बांगड़ अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज शुरू किया।
ससुर ने जवाई पर लगाया मारपीट का आरोप
किशनगढ़ निवासी घायल महिला के पिता हंसराज ने बताया कि उसकी बेटी ममता का विवाह 2013 में बनवारीलाल से हुआ। इसके बाद उनके दो पुत्रियां भी हुई। जवाई बनवारी आए दिन ममता से झगड़ा करते हुए मारपीट करने लगा। कई बार उसे समझाया भी, लेकिन वो नहीं माना। आखिर उसने मंगलवार को ममता के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर घायल कर दिया।


