
PALI SIROHI ONLINE
सुमेरपुर-सोकड़ा गांव में समाजसेवी जोरावर सिंह राजपुरोहित द्वारा बनाए गए सामुदायिक कक्ष में शुक्रवार रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी। 85 वर्षीय राजपुरोहित ने यह कक्ष ग्रामवासियों के सामाजिक उपयोग के लिए अपने निजी खर्चे से बनवाया था। असामाजिक तत्वों ने भवन के मुख्य द्वार पर लगे नामपट्ट सहित अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाया। घटना के विरोध में शनिवार को राजपुरोहित ने गांव के प्रबुद्धजनों के साथ बाली उपखंड अधिकारी को लिखित शिकायत दी।
उन्होंने कहा, यह हरकत समाज में अशांति फैलाने और वरिष्ठ समाजसेवियों को अपमानित करने की साजिश है। ग्रामीणों ने बताया कि इस घटना से गांव में नाराजगी है। यह समाज सेवा की भावना कोठेस पहुंचाने वाली और व्यक्तिगत द्वेष से प्रेरित है। ग्रामीणों ने कहा, अगर ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लगी और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो समाजसेवियों और दानदाताओं का हौसला टूट जाएगा। गांवों में विकास और जनहित के कार्यों के लिए कोई सहयोग नहीं करेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। पुलिस ने शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। भवन को पहुंचाए गए नुकसान का जायजा लिया। रात के समय होने वाली चहल-पहल और आवाजाही के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली। पुलिस ने राजपुरोहित और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


