सिरोही- कैटर्स के बहाने युवती से रेपः उदयपुर ले जाकर शराब पिलाई, फिर की ज्यादती; मामला दर्ज
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही महिला पुलिस थाने में एक युवती से रेप का मामला दर्ज किया गया है। युवती को कैटर्स के काम का झांसा देकर उदयपुर ले जाया गया और वहां शराब पिलाकर उसके साथ रेप किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह कैटर्स का काम करती है। एक महिला उसे सिरोही से पिंडवाड़ा काम के बहाने ले गई। वहां से उसे उदयपुर जाने वाली बस में बैठा दिया और बताया कि काम उदयपुर में है।
युवती काम के नाम पर उदयपुर पहुंची, जहां एक व्यक्ति थार जीप लेकर आया। वह व्यक्ति युवती को अपने साथ किसी अज्ञात स्थान पर ले गया। रात में उसे जबरन शराब पिलाई गई और फिर उसके साथ रेप किया गया।
इस घटना के बाद युवती काफी समय तक सदमे में रही। बाद में उसने सिरोही महिला थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने युवती की मेडिकल जांच सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच एससी-एसटी सेल के डीएसपी दिनेश कुमार को सौंपी गई है। डीएसपी दिनेश कुमार ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
