
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-उदयपुर के पालनपुर फोरलेन पर रोहिड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। काला मगरा के पास एक लोडिंग टेंपो ने सवारी टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सवारी टेंपो 20 फीट गहरे नाले में जा गिरा।
हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें 5 साल का कार्तिक, उसकी मां जोशना और पांडुरी निवासी पुनाराम शामिल हैं। मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायलों को नाले से बाहर निकाला। सभी घायलों को आबू रोड के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना शाम 6 बजे की है। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडिंग टेंपो ने सवारी टेंपो को टक्कर मारी और फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण खो गया।
सूचना मिलते ही रोहिड़ा पुलिस और नेशनल हाईवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। हेड कॉन्स्टेबल देवाराम मीणा ने क्रेन की मदद से टेंपो को नाले से बाहर निकलवाया। वाहन को थाने ले जाया गया है। पुलिस के मुताबिक सभी घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।


