PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही की पिंडवाड़ा पुलिस ने तेल टैंकर की आड़ में डोडा-पोस्त की तस्करी करने की कोशिश नाकाम करते हुए 2947 किलो मादक पदार्थ जब्त किया है। 147 प्लास्टिक कट्टों में भरे डोडा पोस्त की कीमत करीब 4.50 करोड़ रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने टैंकर ड्राइवर जोधपुर के प्रताप नगर निवासी 28 वर्षीय शुभम चौहान को गिरफ्तार किया है। नाकाबंदी के दौरान ड्राइवर टैंकर लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने नया सानवाड़ा गांव में तालाब के पास घेराबंदी कर उसे रोक लिया। पूछताछ में सामने आया कि डोडा पोस्त मध्य प्रदेश के मंदसौर से भरकर जोधपुर ले जाया जा रहा था।
नाकाबंदी तोड़कर भागा टैंकर ड्राइवर, पुलिस ने घेरकर पकड़ा
सिरोही एसपी डॉ. अजय सिंह ने बताया कि पुलिस को मादक पदार्थ की तस्करी के संबंध में सूचना मिली थी। इस पर ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर वीरवाड़ा कट के पास नाकाबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध तेल टैंकर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन ड्राइवर नाकाबंदी तोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया और नया सानवाड़ा गांव में तालाब के पास टैंकर को घेरकर रुकवा लिया।
टैंकर की सील तोड़ी तो अंदर मिले 147 कट्टे
पुलिस ने टैंकर की सील तोड़कर जांच की तो उसके अंदर प्लास्टिक के 147 कट्टों में भरा 2947 किलो डोडा-पोस्त मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर टैंकर ड्राइवर शुभम चौहान को गिरफ्तार कर लिया। जब्त डोडा पोस्त की अनुमानित कीमत 4.50 करोड़ रुपए बताई गई है।
मंदसौर से जोधपुर ले जाया जा रहा था डोडा पोस्त
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि डोडा पोस्त मध्य प्रदेश के मंदसौर से भरकर जोधपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस आरोपी से तस्करी के नेटवर्क, मादक पदार्थ की आपूर्ति और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
दो कॉन्स्टेबलों की भूमिका की सराहना, मौके पर किया सम्मानित
एसपी डॉ. अजय सिंह ने कार्रवाई में कॉन्स्टेबल अभय सिंह और लोकेश कुमार की भूमिका की सराहना की। उन्होंने मौके पर ही दोनों कॉन्स्टेबलों को सम्मानित किया। पुलिस अब मामले में तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।




