PALI SIROHI ONLINE
सिरोही। सिरोही जिले के 2 अलग-अलग गांवों में रविवार देर रात कॉमन क्रेट सांप के डंसने से 2 युवक मूर्छित हो गए। उन्हें तत्काल सिरोही के सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को वार्ड में भर्ती किया गया है और वे अगले 24 घंटे तक डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे।
पहली घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे की है। रमेश पुत्र नगाराम माली अपने घर में बाथरूम से बाहर आ रहे थे, तभी बाथरूम के पाइप में छिपे एक सांप ने उनके दाहिने पैर में डस लिया। रमेश ने तुरंत सांप को देखा और उसे मारकर एक प्लास्टिक के जार में बंद कर अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने मृत सांप देखने के बाद उनका इलाज शुरू किया।
घर में टहलते समय पैर में डसा
दूसरी घटना गोल गांव में हुई। कमलेश कुमार मीणा खाना खाने के बाद घर में टहल रहे थे, तभी एक कॉमन क्रेट सांप ने उनके पैर में डस लिया। कमलेश ने सांप को देखकर पास ही रहने वाले स्नैक केचर इकबाल खान को बुलाया। इकबाल ने सांप को पकड़ा और उसे प्लास्टिक के जार में बंद कर कमलेश कुमार के साथ सिरोही ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।
ट्रॉमा सेंटर में दोनों मरीजों का लगभग 1 घंटे तक इलाज किया गया, जिसके बाद उन्हें थोड़ी राहत मिली। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें वार्ड में भर्ती कर 24 घंटे के लिए डॉक्टरों की गहन निगरानी में रखा गया है।


