PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही में आगामी नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नगर मंडल की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, एकजुटता और बूथ स्तर तक मजबूत संगठन के साथ चुनावमैदान में उतरने का आह्वान किया।
देवासी ने सिरोही शहर के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नगर परिषद में 75 करोड़ रुपए लाए गए हैं, जबकि सिरोही-शिवगंज विधानसभा क्षेत्र के लिए 1500 करोड़ रुपए के विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन विकास कार्यों की बुकलेट लेकर जनता के बीच जाने और भाजपा सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराने का आग्रह किया। देवासी ने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार में धन की कोई कमी नहीं है, केवल इन कार्यों को जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
देवासी ने कांग्रेस पर सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने और झूठी बातें करने का आरोप लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर इसका जवाब देने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और भाजपा सरकार की योजनाओं व विकास कार्यों के दम पर आगामी नगर निकाय चुनाव में भाजपा का बोर्ड बनेगा।
राज्यमंत्री देवासी ने पूर्व विधायक संयम लोढ़ा द्वारा रामझरोखा और टैक्स को लेकर की जा रही बयानबाजी पर भी पलटवार किया। उन्होंने लोढ़ा से सवाल किया कि जब वे विधायक थे, तब सिरोही की जनता से कौन सा टैक्स वसूला जा रहा था। देवासी ने कहा कि उस समय केवल ‘सीवी टैक्स’ ही चल रहा था।रामझरोखा के पट्टों के संबंध में देवासी ने स्पष्ट किया कि न तो उनके या उनके बेटे के नाम से कोई पट्टा है और न ही उनका इन पट्टों से कोई लेना-देना है। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस मामले में जांच कमेटी गठित कर जांच शुरू करवाई है।
सांसद लुम्बाराम चौधरी ने कहा कि अब चुनाव की बिगुल बज चुका है सभी कार्यकर्ताओ व पदाधिकारीओ को चुनाव को लेकर तैयारियों में जुट जाना है उन्होंने कहा की केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क, मतदाता संवाद और बूथ प्रबंधन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने वार्डवार संगठन की स्थिति, बूथ समितियों की सक्रियता, पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी, मतदाता सूची का सत्यापन, नए मतदाताओं से संपर्क तथा प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम तैयार करने के निर्देश दिए।

