
PALI SIROHI ONLINE
सिरोहीसिरोही के रोहिड़ा थाना क्षेत्र के भीमाना में शिव शक्ति होटल के पास लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। दो बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक और उसके साथ सवार महिला को निशाना बनाया।
घटना में रोहिड़ा निवासी पंकज अपनी एक परिचित महिला के साथ भीमाना से स्वरूपगंज की ओर जा रहा था। शिव शक्ति होटल के पास दो बदमाश तेज रफ्तार बाइक पर आए। उन्होंने पंकज को रोका और चाकू से हमला कर दिया। बदमाशों ने महिला का पर्स और मोबाइल छीन लिया।
एक राहगीर ने बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान एक बदमाश बाइक छोड़कर फरार हो गया। घायल पंकज को एल एंड टी की एम्बुलेंस से स्वरूपगंज सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते उन्हें आबू रोड रेफर कर दिया।
स्वरूपगंज पुलिस ने मौका मुआयना किया है। पुलिस को हाईवे के सीसीटीवी फुटेज में बदमाश बाइक पर जाते हुए दिखाई दिए हैं। घटनास्थल से बरामद बाइक और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।