PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
सिरोही। कैलाश नगर थाना क्षेत्र के आल्पा गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तोला राम पुत्र वाला राम मीणा के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में एक ही परिवार के सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना अधिकारी हुकुम सिंह ने बताया कि तोला राम की हत्या उसके चचेरे भाई भंवरलाल, मानाराम, जोराराम पुत्र जगतराम और परिवार की चार महिलाओं गुड्डी, मंजू, पंक और सविता ने की। आरोपियों ने कुल्हाड़ी और लाठियों से वार कर तोला राम को मौत के घाट उतार दिया।
परिजनों की रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने मृतक की जमीन पर कब्जा कर रखा था। जमीन से कब्जा हटाने की बात को लेकर शनिवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते आक्रोशित होकर आरोपियों ने तोलाराम पर घातक हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या की सूचना मिलते ही कैलाश नगर थाना अधिकारी हुकुम सिंह पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना किया और शव को शिवगंज अस्पताल की मॉच्र्युरी में भिजवाया। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने पुष्टि की कि मृतक और सभी आरोपी एक ही दादा के परिवार से संबंधित हैं।
थाना अधिकारी हुकुम सिंह ने बताया कि इन सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है, पूछताछ के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इन आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


