PALI SIROHI ONLINE
शिवगंज-शहर के आरके कॉम्प्लेक्स बाजार में शनिवार दोपहर खरीदारी करने पहुंची महिला के बैग में चीरा लगाकर दो अज्ञात युवतियों द्वारा करीब 50 हजार रुपए से भरा पर्स ले जाने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद पुलिस ने बाजार और रोडवेज बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। बस स्टैंड के फुटेज में दोनों संदिग्ध युवतियां वारदात के बाद वहां जाती हुई दिखाई दी हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम कोसीलाव निवासी रेखा देवी शनिवार दोपहर करीब 1 बजे परिवार के साथ आरके कॉम्प्लेक्स स्थित कपड़े की दुकान पर खरीदारी कर रही थीं। इसी दौरान दोअज्ञात युवतियां उनके आसपास पहुंचीं। आरोप है कि इनमें से एक ने किसी धारदार वस्तु से महिला के कंधे पर लटके बैग में चीरा लगायाऔर अंदर रखा पर्स निकाल लिया। इसके बाद दोनों वहां से चली गईं। पर्स में 500-500 रुपए के 100 नोट थे। महिला को वारदात का पता तब चला, जब उन्होंने बैग देखा। बैग में चीरा लगा था और पर्स गायब था
पुलिस टीम पहचान में जुटी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास की दुकानों के बाहर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। इसके बाद रोडवेज बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। इनमें दोनों संदिग्ध युवतियां वारदात के बाद बस स्टैंड की ओर जाती दिखाई दीं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और तलाश में जुटी है। शनिवार देर शाम तक पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में लिखित रिपोर्ट पेश नहीं की गई थी।

