
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-उदयपुर-पालनपुर फोरलेन पर स्वरूपगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम बनास हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो लड़कियां घायल हो गई।
स्वरूपगंज थाने से एएसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में कार में सवार किशनलाल पुत्र हंसाराम की मौके पर ही मौत हो गई। घायल मितेश पुत्र अरविंद मेघवाल को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
हादसे में मुस्कान पुत्री हितेश कुमार और मनीषा पुत्री मगनलाल गंभीर रूप से घायल हुई हैं। परिजन दोनों घायलों को इलाज के लिए गुजरात ले गए हैं। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्वरूपगंज थाने से एएसआई नरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



