PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-सांचौर में एक मोबाइल दुकानदार से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे आरजू बिश्नोई ने 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। फिरौती न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने सांचौर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मुमादेवी कॉलोनी निवासी ओमाराम पुत्र भंवरलाल ने पुलिस को दी अपनी रिपोर्ट में बताया कि उनकी राव मार्केट में मोबाइल की दुकान है। 13 जुलाई को उनके मोबाइल नंबरपर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने 1 करोड़ रुपये की मांग की।
फिरौती नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी
रकम नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित के अनुसार, 14 जुलाई को चार अलग-अलग विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आए, जिन्हें उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसके बाद 15 जुलाई को एक अन्य नंबर से कॉल आने पर रिसीव न करने पर दो वॉइस मैसेज भेजे गए। इन मैसेज में फिरौती न देने और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।
19 जुलाई को एक अन्य विदेशी नंबर से आए व्हाट्सएप कॉल को रिसीव करने पर आरोपी ने दोबारा पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आशंका जताई है कि फिरौती न देने पर उसे या उसके परिवार के किसी सदस्य को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
पहले भी सांचौर में मांगी जा चुकी है रंगदारी
यह पहली बार नहीं है जब लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों ने सांचौर के किसी व्यापारी से फिरौती मांगी हो। पूर्व में सांचौर निवासी अशोक बिश्नोई, जिनका महाराष्ट्र के पुणे में व्यवसाय है, से भी आरजू बिश्नोई ने दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। जब अशोक ने पैसे नहीं दिए, तो दो लड़कों ने उनके शोरूम पर फायरिंग की थी।


