PALI SIROHI ONLINE
नगराज वैष्णव
रानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.304 किलोग्राम अवैध अफीम का दूध जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
पाली। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.304 किलोग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी (आरजे 57 एसबी 5379) को भी जब्त कर लिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन (IPS) के निर्देशन में, बाली अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चैनसिंह महेचा तथा वृत्ताधिकारी पारसराम चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी आनंद कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सफेद रंग की स्कूटी पर अवैध अफीम का दूध लेकर मोखमपुरा से रानी की ओर आ रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने मोखमपुरा रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध स्कूटी को रुकवाकर चालक से पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अकरम पुत्र सदिक मोहम्मद (35 वर्ष), निवासी प्रताप बाजार, रानी, जिला पाली बताया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत स्कूटी की तलाशी ली, जिसमें सीट के नीचे रखी लाल रंग की कपड़े की थैली से सफेद प्लास्टिक की दो थैलियों में 1.304 किलोग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद हुआ।
आरोपी के पास मादक पदार्थ के परिवहन का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।


