PALI SIROHI ONLINE
रानी के पिपलेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, शिवलिंग पर किया अभिषेक
नगराज वैष्णव, रानी।
देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार राज्य के प्रत्येक जिले एवं उपखंड स्तर पर स्थित प्रमुख मंदिरों में बुधवार को विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में 10 जून 2026 को प्रातः 8 बजे नगर पालिका कार्यालय परिसर स्थित पिपलेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी मगराज चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन उपखंड अधिकारी एवं प्रशासक, नगर पालिका रानी खुर्द के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर प्रांगण में दीप प्रज्वलित कर किया गया तथा भगवान महादेव के शिवलिंग पर अभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की मंगलकामना की गई।
इस अवसर पर रानी तहसीलदार मोहनलाल, सहायक अभियंता कृष्ण मुरारी शर्मा, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष डालचंद मेवाड़ा, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष जयंतिलाल वैष्णव तथा पूर्व पार्षद प्रतिनिधि इन्द्रसिंह राजपुरोहित सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से प्रदेश में खुशहाली, शांति एवं विकास की कामना की !


