PALI SIROHI ONLINE
नगराज वैष्णव
रानी। आगामी मोहर्रम पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रानी पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। रानी पुलिस थाना के सीआई आनंद सांखला के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर मार्च कर आमजन को शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च रानी मेन बाजार से प्रारंभ होकर स्कूल रोड, नगरपालिका क्षेत्र, शीतला चौक तथा प्रताप बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने नागरिकों से त्योहार को आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
सीआई आनंद सांखला ने बताया कि मोहर्रम पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना है।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। नगरवासियों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग का भरोसा दिलाया।


