PALI SIROHI ONLINE
रानी-केनपुरा रोड आश्रम के पास की गली पर गंदे पानी की समस्या से आमजन परेशान, प्रशासन मौन
नगराज वैष्णव
रानी। नगर के केनपुरा रोड स्थित आश्रम के पास वाली गली में जितेन्द्रसिंह जेसीबी वाले के मकान के आगे प्रतिदिन गंदा पानी भर जाने से क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलोनी के निवासियों ने बताया कि सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से आवागमन बाधित हो रहा है तथा स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को भी गंदे पानी में होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क पर लाखों रुपये की लागत से बने नालों में मिट्टी भर जाने के कारण पानी की निकासी बंद हो गई है, जिससे गंदा पानी सड़कों और गलियों में फैल रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर चुके हैं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि एक वार्ड के लोग पानी की निकासी का विरोध करते हैं तो आखिर इस पानी को निकाला कहां जाए। मारवाड़ी में भी कहावत है कि “पाणी पाणे के ढाळ जावे”, लेकिन निकासी व्यवस्था बाधित होने से पानी सड़कों पर ही जमा हो रहा है।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से शीघ्र प्रभावी कदम उठाकर नालों की सफाई कराने तथा स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन शासन और प्रशासन का इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे आमजन में रोष व्याप्त है।
— नगराज वैष्णव, रानी


