
PALI SIROHI ONLINE
राजसमन्द-नगर पालिका देवगढ़ के वार्ड संख्या नौ में हुए पार्षद के उप चुनाव में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा को झटका देते हुए सीट अपने पास बरकार रखने में कामयाबी हासिल की है। देश-प्रदेश में भाजपा सरकार और स्थानीय पालिका में भी भाजपा का बोर्ड होने के बावजूद कांग्रेस के प्रत्याशी किशनलाल खटीक पर ही वार्ड की जनता ने विश्वास जताते हुए उन्हें उनके पिता के अधूरे रहे कार्य पूरे करने की जिम्मेदारी सौंप दी है।
हालांकि, कांग्रेस का पार्षद चुने जाने से पालिका के बोर्ड पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, लेकिन राजनीतिक हल्के में यह परिणाम चर्चा का विषय बन गया है। निर्वाचन विभाग की ओर से वार्ड संख्या 9 में पार्षद के उप चुनाव के तहत गुरुवार को मतदान कराया गया था, जिसमें 66.81 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद शुक्रवार को हुई मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी किशनलाल खटीक ने जीत हासिल करते हुए भाजपा प्रत्याशी को 7 वोट से हरा दिया।रिटर्निग अधिकारी एसडीएम अर्चना चौधरी ने बताया कि पालिका के कमरा संख्या 1 में प्रातः 9.30 बजे मतगणना शुरू हुई। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी किशनलाल खटीक को 222 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी पीरूलाल सालवी को 215 वोट मिले। वहीं, 2 वोट नोटा में गए। इस तरह इस उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी किशनलाल ने 7 मतों से जीत हासिल की।
मतगणना के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
साथ ही पालिका कार्यालय के बाहर बेरीकेड्स लगाकर आमजन को इस क्षेत्र से दूर रखा गया था। मतगणना स्थल पर जोनल मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार सज्जनराम, ईओ विजेश मंत्री, पटवारी किशोरसिंह के साथ अन्य कर्मचारी एवं देवगढ का पुलिस जाप्ता तैनात रहा। रिटर्निग अधिकारी की ओर से प्रत्याशी को शपथ दिलाते हुए जीत का प्रमाण-पत्र सौंपा गया। इसके बाद प्रत्याशी के बाहर निकलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए स्वागत किया।इसके बाद वे विजेता प्रत्याशी को लेकर मारू दरवाजा स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां जोरदार आतिशबाजी कर मिठाई बांटी गई। साथ ही विजेता प्रत्याशी को माला पहनाकर सभी ने बधाई दी।
इस दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रकाश चंद्र नरानिया, पूर्व चेयरमैन अंजना जोशी, पार्षद हंसराज कंसारा, मुकेश जोशी, मदन रैगर, रमजान मंसूरी, अजीतसिंह चुंडावत, आशु गुर्जर, नगर महामंत्री शशिकांत जोशी, किशनलाल सालवी, सुरेश रैगरभगवत सिंह, मीना पंवार, रशीद मोहम्मद, दीपक सुखवाल सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं वार्डवासी मौजूद थे।
दोनों दल एक-दूसरे पर रहे थे हमलावर
राजनीतिक क्षेत्र में देवगढ़ नगर पालिका के उप चुनाव को मौजूदा विधायक भाजपा के हरिसिंह रावत व पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता सुदर्शन सिंह रावत की परफाॅर्मेंस को लेकर देखा जा रहा था। ऐसे में चुनाव परिणाम आने के बाद जहां कांग्रेस के खेमे में खुशी का महौल है, वहीं भाजपा में हताशा दिखाई दे रही है
वार्डवासियों से लिया आशीर्वाद
कांग्रेस प्रत्याशी किशनलाल जीत के बाद अपने समर्थकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ वार्ड में पहुंचे। जहां, सभी वार्डवासियों से आशीर्वाद लेकर उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने सभी वार्डवासियों को एक साथ लेकर चलने एवं विकास करवाने की बात कही। इधर, परिणाम के बाद भाजपा प्रत्याशी पीरूलाल भी कार्यकर्ताओं के साथ सभी मतदाताओं को धन्यवाद देने वार्ड में पहुंचे और सभी का आभार व्यक्त किया।वर्ष 2021 में हुए थे मुख्य चुनाव
देवगढ़ नगर पालिका के चुनाव वर्ष 2021 में हुए थे, जिसमें वार्ड 9 में कांग्रेस प्रत्याशी तोलाराम खटीक विजेता घोषित हुए थे। उन्होंने भाजपा के किशन गोपाल खटीक को हराया था। करीब एक वर्ष पहले बीमारी के चलते तोलाराम का निधन होने से पार्षद का पद रिक्त हो गया था।
जनता के बदलाव चाहने का संकेत
कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और जनता के उत्साह का ही परिणाम है कि कांग्रेस प्रत्याशी किशनलाल खटीक विजयी हुए। यह विजय आगामी नगर पालिका चुनाव का आगाज़ है और स्पष्ट संकेत है कि जनता अब बदलाव चाहती है। यह जीत केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि देवगढ़ के समर्पित कार्यकर्ताओं और देवतुल्य जनता की ऐतिहासिक विजय है।सुदर्शन सिंह रावत, पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता कांग्रेस को मिले सहानुभूति के वोट
मतदाता भावनाओं में बंधकर बड़ी संख्या में विपक्षी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव में मेहनत की, लेकिन भावनात्मक लहर में सामने वाले प्रत्याशी को पिता के निधन का सहानुभूति वोट मिलने से जीत हासिल हुई