PALI SIROHI ONLINE
रायपुर मारवाड़ (ब्यावर) -रायपुर मारवाड़ उपखंड के बर कस्बे में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया।
खराब ट्रक को ट्रैक्टर से टोचिंग कर गैराज ले जाते समय बस स्टैंड तिराहे पर ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और उसने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया। ड्राइवर को मामूली चोटें आईं और वह बाल-बाल बच गया। पूरी घटना पास लगेसीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
टोचिंग के दौरान बिगड़ा ट्रक का संतुलन
जानकारी के अनुसार, खराब पड़े ट्रक को किसान के ट्रैक्टर की मदद से टोचिंग कर गैराज ले जाया जा रहा था। जैसे ही दोनों वाहन बर कस्बे के बस स्टैंड के पास स्थित तिराहे पर पहुंचे, ट्रक का संतुलन अचानक बिगड़ गया। बेकाबू ट्रक ने पीछे चल रहे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया।
ड्राइवर को लोगों ने तुरंत बाहर निकाला
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए ट्रैक्टर ड्राइवर को बाहर निकाला। ड्राइवर को मामूली चोटें आईं, जबकि बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
व्यस्त इलाके में हादसे से बढ़ी चिंता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जहां हादसा हुआ वह कस्बे का सबसे व्यस्त इलाका है। यदि उस समय सड़क पर अधिक भीड़ होती, तो जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता और तत्काल मदद से स्थिति संभल गई।सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। जानकारी के अनुसार, घटना को लेकर किसी भी पक्ष ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।
पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें हादसे का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है।

