PALI SIROHI ONLINE
रायपुर मारवाड़ (ब्यावर)-रायपुर मारवाड़ शहर के दीपावास रोड पर कृषि कुएं के पास बने एक घर में बुधवार शाम चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। सिलेंडर में आग लगते ही घर में मौजूद लोगों और आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि, समय रहते जलते सिलेंडर को घर से बाहर खुले में ले जाने और ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
गैस चालू करते ही भड़की आग
जानकारी के मुताबिक, शाम को घर में चाय बनाने के लिए गैस चूल्हे पर सिलेंडर से गैस चालू की जा रही थी। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। घर के अंदर सिलेंडर में आग देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए, वहीं आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।
बुजुर्ग ने दिखाई हिम्मत, जलता सिलेंडर बाहर ले गए
आग की लपटों के बीच घर के बाहर बैठे मकान मालिक के बड़े पिता ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने जलते हुए सिलेंडर को उठाया और दौड़कर उसे घर से बाहर खुले स्थान पर ले जाकर गिरा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सिलेंडर पर पानी डालना शुरू किया और गीले बिस्तर डालकर आग की लपटों को काबू करने का प्रयास किया।
आग दोबारा भड़की, दमकल को दी सूचना
कुछ देर की कोशिश के बाद आग बुझती नजर आई, लेकिन अचानक सिलेंडर से फिर तेज लपटें निकलने लगीं। स्थिति को देखते हुए ब्यावर दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल के पहुंचने तक ग्रामीण मौके पर डटे रहे और गीले बिस्तर डालकर आग को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
दमकल ने पूरी तरह बुझाई आग
सूचना मिलने के बाद ब्यावर से दमकल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद सिलेंडर में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।


