PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
कल से आयोजित होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान होगा शुरू,सुमेरपुर ब्लाॅक में 41,018 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित
तखतगढ 27 जून (खीमाराम मेवाडा) राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत कल 28 जून (रविवार) को ब्लॉक सुमेरपुर में 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाई जाएगी। अभियान के अंतर्गत ब्लॉक के 41,018 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा वैक्सीन, कोल्ड चेन, मानव संसाधन एवं लॉजिस्टिक की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है।
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोविन्द सिंह चुण्डावत ने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस 127 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके पश्चात छूटे हुए बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 250 हाउस-टू-हाउस टीमें घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान की प्रभावी निगरानी हेतु 21 सुपरवाइजर, 10 ट्रांजिट टीमें एवं 2 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि पोलियो एक अत्यंत संक्रामक वायरल बीमारी है, जो मुख्य रूप से 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को प्रभावित करती है। यह बीमारी बच्चे को जीवनभर के लिए दिव्यांग बना सकती है तथा गंभीर मामलों में जानलेवा भी हो सकती है। पोलियो का कोई स्थायी उपचार नहीं है, लेकिन समय पर दी जाने वाली पोलियो की दो बूंदें इस बीमारी से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करती हैं। भारत वर्ष 2014 से पोलियो मुक्त है और इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना अत्यंत आवश्यक है। यदि एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित रह जाता है, तो भविष्य में पोलियो वायरस के पुनः फैलने का खतरा बना रह सकता है।
ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद गिरी ने बताया कि अभियान के लिए ब्लॉक में पर्याप्त मानव संसाधन एवं कोल्ड चेन व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। अभियान के संचालन हेतु 311 वैक्सीनेटर, 276 सहयोगी, 21 सुपरवाइजर, 10 ट्रांजिट टीमें एवं 2 मोबाइल टीमें कार्य करेंगी। वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण एवं परिवहन के लिए 13 आईएलआर, 15 डीप फ्रीजर, 358 वैक्सीन कैरियर तथा 52 कोल्ड बॉक्स की व्यवस्था की गई है, जिससे सभी सेक्टरों एवं सभी पोलियो बूथों तक निर्धारित तापमान पर वैक्सीन सुरक्षित रूप से पहुंचाई जा सके।
उन्होंने बताया कि सेक्टरवार लक्ष्य निम्नानुसार निर्धारित किया गया है—
– बांकली – 4,716 बच्चे
– नोवी – 1,478 बच्चे
– चाणोद – 2,388 बच्चे
– पावा – 1,826 बच्चे
– बामनेरा – 2,432 बच्चे
– सांडेराव – 5,688 बच्चे
– कोसेलाव – 3,318 बच्चे
– ढोला – 1,668 बच्चे
– सुमेरपुर (शहरी एवं ग्रामीण) – 11,582 बच्चे
– तखतगढ़ (शहरी एवं ग्रामीण) – 5,922 बच्चे
इस प्रकार ब्लॉक सुमेरपुर में कुल 41,018 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 5 वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को 28 जून को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं तथा पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं। यदि किसी कारणवश बच्चा बूथ तक नहीं पहुंच पाए तो घर-घर आने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीम को अवश्य दवा पिलवाएं।
“दो बूंद जिंदगी की” केवल एक नारा नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की गारंटी है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आमजन से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
अभियान के सफल संचालन के लिए डॉ. गोविन्द सिंह चुण्डावत के नेतृत्व में ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद गिरी को अभियान का समन्वयक नियुक्त किया गया है। बिंजाराम मीणा सह-समन्वयक के रूप में कार्य करेंगे। गोपाल शर्मा एवं दिनेश मीणा वैक्सीन वितरण एवं आपूर्ति व्यवस्था का दायित्व संभालेंगे। कैलाश कुमार, मोहित कुमार एवं इमरान खान रिपोर्टिंग कार्य का संचालन करेंगे। खुशबू सिंह, प्रवीना कुमारी, केना राम एवं रौनक कुमार कंट्रोल रूम में सेवाएं देंगे। संदीप सिंह वित्तीय प्रबंधन, सलीम शेख लॉजिस्टिक एवं सप्लाई प्रबंधन तथा विशाल सिंह डाबी कार्यालय स्तर पर कोल्ड चेन प्रबंधन का दायित्व निभाएंगे।

