• April 21, 2026

पाली में सिंगल यूज प्लास्टिक व गंदगी पर निगम की सख्त कार्रवाई, 5000 रुपये जुर्माना वसूला

PALI SIROHI ONLINE

पाली में सिंगल यूज प्लास्टिक व गंदगी पर निगम की सख्त कार्रवाई, 5000 रुपये जुर्माना वसूला
पाली, 21 अप्रैल। जिला कलक्टर एवं प्रशासक नगर निगम पाली के निर्देशों की पालना में आयुक्त नवीन भारद्वाज के नेतृत्व में शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है। मंगलवार को राम नगर क्षेत्र में सड़क किनारे झूठा भोजन व कचरा फैलाने के मामले में माहेश्वरी भवन संचालक से 5000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

नगर निगम आयुक्तनवीन भारद्वाज ने बताया कि अप्रैल माह में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग, विक्रय तथा कचरा फैलाने के मामलों में कुल 47,300 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इसके अलावा 22 अपंजीकृत मैरिज गार्डनों को नोटिस जारी किए गए हैं।

शहर में सफाई संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला कलक्टर के निर्देश पर एक सेंट्रल गैंग का गठन किया गया है। नागरिक 91459-21301 व्हाट्सएप नंबर पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं, जिनका शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद भी यदि संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान द्वारा पुनः गंदगी की जाती है, तो उनके खिलाफ जुर्माना व चालान की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम द्वारा शहर में कचरा स्टैंड (जीवीपी पॉइंट) की संख्या कम करने के तहत 7 कचरा स्टैंड हटाए जा चुके हैं। इन स्थानों पर दोबारा कचरा नहीं डालने के लिए बैनर-पोस्टर लगाए गए हैं तथा स्वास्थ्य निरीक्षक व जमादार द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि पाली को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नालों में कचरा न डालें, सिंगल यूज प्लास्टिक व पेपर कप का उपयोग न करें और कचरा केवल कचरा परिवहन वाहन में ही डालें। सफाई संबंधी किसी भी शिकायत के लिए व्हाट्सएप नंबर पर सूचना दें, अन्यथा गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

You cannot copy content of this page