PALI SIROHI ONLINE
पाली-जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन, IPS के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक SIUCAW सुनील के. पवार के सतत पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन में महिला सुरक्षा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला संबंधी शिकायतों एवं सूचनाओं पर त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 22.08.2026 को प्रातः करीब 05:15 बजे एंटी रोमियो टीम (ART) 1090 को व्यक्तिगत टेलीफोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को एक व्यक्ति द्वारा मॉर्निंग वॉक के दौरान परेशान किया जा रहा है।
बालिका ने बताया कि एक 60 वर्षीय व्यक्ति द्वारा उसे बार-बार अपने पास बैठने के लिए कहना, मोबाइल नंबर मांगना, घर का पता पूछना, साथ में चाय पीने के लिए दबाव बनाना तथा मॉर्निंग वॉक के दौरान उसका पीछा किया जा रहा था। इससे परेशान होकर बालिका ने मॉर्निंग वॉक पर जाना बंद कर दिया।
इसी दौरान कालिका पेट्रोलिंग टीम 5 एवं एंटी रोमियो टीम (ART) 1090 द्वारा स्कूल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बालिका को टीम के संपर्क नंबर उपलब्ध करवाए गए थे। करीब 10 दिन बाद जब बालिका पुनः मॉर्निंग वॉक पर गई तो उसे भगवंत पुनः उसी स्थान पर मिला। भगवंत द्वारा बालिका को गुड मॉर्निंग कहकर पास बैठने के लिए कहा गया। बालिका ने तत्परता से एंटी रोमियो टीम (ART) की हेड कांस्टेबल श्रीमती पार्वती को फोन कर सूचना दी और वहीं बैठ गई।
सूचना पर हेड कांस्टेबल पार्वती द्वारा तत्काल कालिका पेट्रोलिंग टीम 5 की पिंकू 1341 एवं अनुसुइया 1634 को सूचना दी गई। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर भगवतसिंह पुत्र मोहब्बतसिंह राजपुरोहित उम्र 63 वर्ष निवासी रजत विहार कॉलोनी पुलिस थाना टीपीनगर, जिला पाली को बालिका के पास से दस्तयाब किया।हेड कांस्टेबल पार्वती द्वारा आरोपी को धारा 126/170 के तहत गिरफ्तार कर आवश्यक
विधिक कार्यवाही की गई।
महिला सुरक्षा के प्रति पाली पुलिस प्रतिबद्ध
पाली पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, बस स्टैंड एवं यात्रा के दौरान महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए कालिका पेट्रोलिंग टीमों द्वारा नियमित गश्त एवं निगरानी की जा रही है। किसी महिला को असहज स्थिति का सामना करना पड़ने अथवा किसी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या महिला संबंधी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
पाली पुलिस द्वारा आमजन से अपील राजकॉप सिटीजन ऐप का अधिकाधिक उपयोग करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 112, महिला हेल्पलाइन 1090 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 का उपयोग करें तथा राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड कर पुलिस सेवाओं का लाभ उठाएं।

