
PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में 9 महीने की गर्भवती पत्नी ने जंगल में पति से पानी मांगा तो पति ने उसे कुएं में धक्का दे दिया। इसके बाद पति ने कुएं में लकड़ियां फेंकी और फरार हो गया। नीचे गिरते समय महिला का हाथ 60 फीट की गहराई में बने एक गड्ढे में अटक गया।
इसी गड्ढे के सहारे महिला करीब 28 घंटे तक कुएं में बैठी रही। बचने की उम्मीद में वह बचाओ-बचाओ चिल्लाती रही।
इस दौरान वहां से गुजर रहे एक परिवार ने उसकी आवाज सुनी तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र के बाड़सा गांव की है।
धक्का देने वाले पति को ढूंढ रही पुलिस
SHO भारतसिंह रावत ने बताया- पीड़िता बाड़सा गांव निवासी कंचन (21) को उसके पति मगाराम ने शुक्रवार को दोपहर 2 बजे कुएं में धक्का दे दिया था। शनिवार को सूचना पर शाम करीब 6 बजे मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकाला। आरोपी पति की तलाश की जा रही है। जांच में जुटे हैं। बयान लिए गए हैं और शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
प्यास लगी तो कुएं पर पानी पीने गई थी
पीड़िता कंचन ने बताया- वह शुक्रवार को पति मगाराम के साथ गोदावास के पास जंगल में लकड़ियां लेने गई थी। दोपहर करीब 2 बजे तेज गर्मी में मुझे प्यास लगी तो पति के साथ जंगल में ही एक कुएं पर पानी पीने गई थी। यहां पर मैंने पति से पानी निकालने के लिए कहा। मैं कुएं की मुंडेर के पास खड़ी थी तो पीछे से पति ने उसे कुएं में धक्का दे दिया।
28 घंटे तक कुएं में बैठी रही
कंचन ने बताया- धक्का देने के बाद पति ने ऊपर से लकड़ियां भी फेंकी थी। किस्मत अच्छी थी कि कुएं में गिरते समय उसका हाथ एक गड्ढे में अटक गया और उसी के सहारे कुएं में बैठी रही। जीने की आस में बार-बार मदद के लिए चिल्लाती रही। इस इलाके में लोगों की आवाजाही कम ही रहती है, लेकिन उसने उम्मीद नहीं छोड़ी।
परिवार के साथ लकड़ियां लेने आए बच्चों ने सुनी आवाज कंचन ने बताया- शनिवार शाम करीब 6 बजे जंगल में लकड़ियां लेने एक परिवार आया था। उनके साथ कुछ बच्चे भी आए थे। इन बच्चों ने उसके चिल्लाने की आवाज सुनी। इसके बाद वो अपने परिजनों को कुएं तक लेकर पहुंचे। उन लोगों ने मुझे देखा तो और भी लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रस्सा मंगाया और मुझे बाहर निकाला।
पीड़िता ने बताया- मेरे पति मगाराम ने दो शादी कर रखी है। पति ने मुझे कुएं में धक्का क्यों दिया इसके बारे में जानकारी नहीं है। पति ने मुझे कहा था कि इस कुएं पर तू और दूसरे कुएं पर दूसरी (पत्नी) रहेगी। मैं आकर मिलता रहूंगा।


