PALI SIROHI ONLINE
पाली-पंचायत चुनाव की मतगणना की तैयारियां जोरो पर, शुक्रवार को बांगड़ कॉलेज में होगी मतगणना*
*सुबह 6 बजे से जांच के बाद मिलेगा कार्मिकों को प्रवेश*
पाली, 18 नवंबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 20 नवंबर को होने वाली मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। राजकीय बांगड़ महाविद्यालय में होने वाली मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। मतगणना स्थल पर सुरक्षा, कार्मिकों की तैनाती, टेबल व्यवस्था एवं प्रवेश प्रक्रिया सहित सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले के नौ पंचायत समिति क्षेत्रों के पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद समिति सदस्य पदों की मतगणना के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण की जा रही हैं। मतगणना कार्य को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए मारवाड़ जंक्शन, रोहट, पाली, सुमेरपुर, देसूरी, बाली, सोजत, बगड़ी, रानी के लिए राउंडवार टेबल निर्धारित करने के साथ ही प्रत्येक टेबल पर गणना कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा जोनवार कर्मचारियों का भी मनोनयन किया गया है, ताकि मतगणना के दौरान सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
सुबह 6 बजे से जांच के बाद मिलेगा प्रवेश -रिटर्निंग अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि मतगणना कार्य में नियुक्त कार्मिकों को 20 नवंबर को प्रातः 6 बजे से राजकीय बांगड़ महाविद्यालय स्थित मतगणना स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश से पूर्व कार्मिकों की आवश्यक जांच की जाएगी। इसके बाद ही उन्हें मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। सभी कार्मिकों को निर्धारित समय पर पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मोबाइल ले जाने पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध -मतगणना की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। रिटर्निंग अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतगणना केंद्र में किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी संबंधित कार्मिकों एवं अभ्यर्थियों को इन निर्देशों की पालना सुनिश्चित करनी होगी।
प्रत्याशी के साथ केवल एक अधिकृत एजेंट को प्रवेश -उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर अभ्यर्थी के साथ केवल एक अधिकृत एजेंट को ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए निर्धारित प्रवेश व्यवस्था एवं आवश्यक जांच प्रक्रिया की पालना करनी होगी। प्रशासन की ओर से मतगणना स्थल पर अनुशासन बनाए रखने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।


