PALI SIROHI ONLINE
पाली एवं रोहट के 298 मतदान केंद्रों पर बुधवार को लगेंगे महिला क्लस्टर कैंप, नवविवाहित महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने पर रहेगा विशेष फोकस
पाली, 17 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग राजस्थान के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों में महिला मतदाताओं का अनुपात बढ़ाने तथा पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को विधानसभा क्षेत्र पाली के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष महिला क्लस्टर कैंप आयोजित किए जाएंगे।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के कुल 298 मतदान केंद्रों पर इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इनमें पाली क्षेत्र के 174 तथा रोहट क्षेत्र के 124 मतदान केंद्र शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि 11 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को सभी मतदान केंद्रों पर इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों में विशेष रूप से महिलाओं एवं नवविवाहित महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने तथा पात्र महिलाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
*विभिन्न विभागों के कार्मिक करेंगे सहयोग
राणावत ने बताया कि क्लस्टर कैंप के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए ब्लॉक विकास अधिकारी के पर्यवेक्षण में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। शिविरों में सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, राजीविका स्वयं सहायता समूह, ग्राम विकास अधिकारी, नगर निगम एवं नगरपालिकाओं के कार्मिक तथा बीएलओ सहयोग करेंगे।




