PALI SIROHI ONLINE
सोजत-पाली में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सोजत तहसील के राजस्व गांव खोडिया के पटवारी मनीष कुमार मीना को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी मनीष कुमार मीना पटवार हल्का लाणेरा में तैनात है और उसके पास खोडिया पटवार हल्का का अतिरिक्त प्रभार भी था।पाली एसीबी द्वितीय चौकी को मिली शिकायत के अनुसार, परिवादी बादरराम गुर्जर ने ग्राम रायरा में कृषि भूमि खरीदी थी। इस भूमि के बंटवारे और तरमीम यानी सीमांकन की कार्रवाई के बदले पटवारी मनीष कुमार मीना ने 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने रिश्वत की मांग का सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान आरोपी पटवारी पहले 17 हजार रुपए और बाद में 15 हजार रुपए लेने पर सहमत हुआ।
10 हजार रुपए लेते एसीबी ने पकड़ा
जोधपुर एसीबी रेंज की पुलिस अधीक्षक पी.डी. नित्या के सुपरविजन में एसीबी पाली द्वितीय के प्रभारी देरावरसिंह सोढा और ट्रेप अधिकारी मोहम्मद हनीफ, निरीक्षक पुलिस ने टीम के साथ कार्रवाई की। शुक्रवार को तय योजना के अनुसार ट्रेप किया गया।
इस दौरान आरोपी पटवारी मनीष कुमार मीना ने परिवादी बादरराम गुर्जर से 10 हजार रुपए की रिश्वत ली। आरोपी ने रिश्वत की रकम अपनी पैंट की जेब में रख ली थी। एसीबी टीम के पास आते ही आरोपी पटवार घर के नजदीक जंगल की झाड़ियों की ओर भागने लगा।
झाड़ियों में फेंक दी रिश्वत की रकमएसीबी टीम को पीछे आता देख आरोपी ने भागते समय 10 हजार रुपए की रिश्वत राशि झाड़ियों में फेंक दी। टीम ने काफी प्रयास के बाद झाड़ियों से 2 हजार रुपए के नंबरी नोट बरामद कर लिए।
एसीबी की टीम अब शेष रिश्वत की रकम की तलाश और बरामदगी के प्रयास कर रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।


