PALI SIROHI ONLINE
*जिला कलक्टर ने विभिन्न मतदान बूथों का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
पाली, 18 अक्टूबर। जिला निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ रविन्द्र गोस्वामी ने उपखंड अधिकारी पुरण कुमार के साथ उपखंड क्षेत्र के विभिन्न मतदान बूथों का निरीक्षण कर निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गढ़वाड़ा के बूथ संख्या 79, 80 एवं 81, जेतपुर के बूथ संख्या 75, 76, 77 एवं 78 तथा धोलेरिया शासन के बूथ संख्या 30, 31, 32 एवं 33 का जायजा लिया गया। जिला कलक्टर ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान केन्द्रों पर बिजली, पेयजल एवं आवश्यक फर्नीचर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैम्प एवं व्हीलचेयर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान केन्द्रों पर वॉलंटियर एवं हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने तथा मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।
जिला कलक्टर ने पंच एवं सरपंच पदों के मतों की गणना के दौरान मतगणना केन्द्र परिसर एवं उसके 200 मीटर के दायरे से बाहर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि रात्रि के समय आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो तथा सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावी बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रगणक महेंद्र चारण, जगदीश जाखड़, जोधाराम देवासी, लक्ष्मण दास, शंकरलाल विश्नोई, रघुनाथ राम सहित संबंधित सुपरवाइजर एवं प्रगणक उपस्थित रहे।




