PALI SIROHI ONLINE
पाली-पंचायती राज चुनाव को लेकर तैयारियां तेज, मतदान केंद्रों का हो रहा भौतिक सत्यापन
पाली, 27 सितम्बर। पंचायती राज आम चुनाव 2026 को लेकर आरक्षण आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्वाचन विभाग ने चुनावी तैयारियों को गति दे दी है। निर्वाचन अधिकारियों की ओर से एक ओर जहां बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सक्रिय कर मतदाता सूचियों को अद्यतन करने, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं दूसरी ओर मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर उनका भौतिक सत्यापन भी करवाया जा रहा है।
निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी (पंचायत) एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि पंचायती राज आम चुनाव को लेकर पाली पंचायत समिति क्षेत्र की 24 ग्राम पंचायतों में बनाए गए मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करवाया जा रहा है। सत्यापन के दौरान मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, भवन की स्थिति, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है, ताकि मतदान एवं मतगणना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
अवकाश के दिनों में भी जारी है निर्वाचन संबंधी कार्य -ईआरओ राणावत ने बताया कि पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्वाचन कार्य से जुड़े कार्मिकों की ओर से अवकाश के दिनों में भी कार्य को सुचारू रूप से किया जा रहा है। बीएलओ द्वारा अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में भागवार पहुंचकर मतदाता सूचियों का सत्यापन किया जा रहा है। इस दौरान पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया भी की जा रही है।
पाली पंचायत समिति क्षेत्र में 97,751 मतदाता पंजीकृत -ईआरओ राणावत ने बताया कि पाली पंचायत समिति की 24 ग्राम पंचायतों में वर्तमान में कुल 97,751 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 51,013 पुरुष तथा 46,738 महिला मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाता सूची को और अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि चुनाव से पूर्व मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का सत्यापन और मतदाता सूचियों का अद्यतन निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका उद्देश्य चुनाव के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो तथा मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
अधिकारी-कर्मचारी जुटे तैयारियों में -पंचायती राज आम चुनाव की निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कार्यों में सुरेश कुमार व्यास, विक्रम सिंह परिहार, रमेश कुमार अणकिया, अभिषेक चतुर्वेदी, अभिषेक राजपुरोहित पुनायता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी जुटे हुए हैं। निर्वाचन विभाग की ओर से आगामी दिनों में भी मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण एवं मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।




