PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में भालू ने 35 साल की एक महिला पर हमला कर दिया। महिला को हॉस्पिटल में घायल हालत में पहुंचाया गया तो हर कोई चेहरा देखकर सकते में आ गया। भालू ने महिला की दोनों आंखें फोड़ दी थी। नाक और मुंह को बुरी तरह नोच कर टेढ़ा कर दिया था। चेहरे का मांस और हड्डियां बाहर निकली हुई थीं। सिर से त्वचा के साथ बाल उखाड़ लिए थे। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
घटना रविवार सुबह 6.30 बजे पाली जिले के सिरियारी कस्बे के निकट जूनी फुलाद गांव में हुई। यह इलाका पाली शहर से 73 किलोमीटर की दूरी पर है।
8 साल का बेटा साथ था
फुलाद गांव निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया- फुलाद गांव में रहने वाली महिला संतोष देवी (35) पत्नी राम सिंह रावत रविवार सुबह 6 बजे 8 साल के बेटे तेजराज के साथ जंगल में बकरियों के लिए टहनियां और लकड़ियां लेने गई थी।
गांव से पर्वतसिंह की धुनी (मंदिर) के पास वह टहनियां तोड़ रही थी। इस दौरान जंगल से निकले भालू ने अचानक उस पर हमला कर दिया। भालू को मां पर हमला करते देख बेटा तेजराज चिल्लाते हुए भागा। चीख पुकार सुन मंदिर का पुजारी और आसपास खेत में काम करते लोग दौड़े।