PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। शिवपुरा थाना क्षेत्र में जाडन के पास हाईवे-162 पर रात करीब 11 बजे अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौत हो गई।
वहीं, रोहट थाना क्षेत्र के सांवलता कलां गांव में सड़क पार कर रहे मजदूर को दूध के टैंकर ने कुचल दिया। दोनों हादसों के बाद पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया और मामलों की जांच शुरू कर दी है।जाडन के पास हादसा, इलाज के लिए ले जाते ही मृत घोषित
शिवपुरा थाना क्षेत्र में रनिया बेरा के पास हाईवे-162 पर मंगलवार रात करीब 11 बजे अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार शिवदास पुत्र प्रेमदास गंभीर घायल हो गया।
जाडन चौकी प्रभारी रामनिवास ने बताया- घायल को तुरंत इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है। मृतक की पहचान हिंडोन क्षेत्र निवासी के रूप में हुई है। वह जालोर में पत्थरकटिंग का काम करता था। घटना के समय शिवदास जयपुर में पत्नी से मिलने के लिए जा रहा था।
सड़क पार कर रहे 52 साल के अधेड़ को टैंकर ने कुचला
दूसरा हादसा रोहट थाना क्षेत्र के सांवलता कलां गांव में मंगलवार को हुआ। यहां सड़क पार कर रहे 52 साल के कानाराम पुत्र चुतराराम भली को दूध के टैंकर ने कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कानाराम सांवलता कलां गांव के रहने वाले थे और मजदूरी करते थे। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने दूध के टैंकर को लापरवाही से चलाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि चालक की लापरवाही से हादसा हुआ। पुलिस ने मामला जांच में लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

