PALI SIROHI ONLINE
नाना थाने में सीएलजी बैठक आयोजित, दीपावली व भाई दूज पर्व शांतिपूर्ण मनाने की अपील
बाली उपखंड के नाना पुलिस थाने में आगामी दीपावली एवं भाई दूज पर्व को लेकर सीएलजी सदस्यों की बैठक आयोजित हुई। बैठक नाना थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा ने सभी सीएलजी सदस्यों से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध या उत्पात मचाने वाले व्यक्ति की पहचान होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
थाना अधिकारी ने दीपावली महोत्सव के दौरान प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों की खरीद एवं उपयोग से बचने तथा ग्रीन पटाखों का ही उपयोग करने की अपील की। साथ ही छोटे बच्चों को पटाखे जलाते समय सुरक्षित दूरी पर रखने और विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी।
उन्होंने बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने को लेकर कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में दोपहिया एवं बड़े वाहनों को खड़ा न करें तथा वाहनों की पार्किंग निर्धारित खुली जगहों पर करें, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
अंत में थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा ने सभी क्षेत्रवासियों से दीपावली एवं भाई दूज का पर्व शांति, सद्भाव और सुरक्षा के साथ मनाने की अपील की।




