
PALI SIROHI ONLINE
बाली। मुंडारा चामुंडा माताजी मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी दिनेश कुमार गरासिया का रिमांड खत्म होने पर उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उसे जेल भेज दिया। पुलिस ने वारदात के पांच दिनों के भीतर ही आरोपियों को दबोच लिया था।
तीसरे आरोपी कालूराम गरासिया को भी गुरुवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। उसे भी जेल भेजा गया है।
एक नाबालिग आरोपी को पहले ही बाल सुधार गृह भेजा जा चुका है। पुलिस निरीक्षक हनवंतसिंह सोढा ने बताया कि तीसरे आरोपी कालूराम के पास से 1 लाख 17 हजार 470 रुपये बरामद हुए हैं। वह सायरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। मुख्य आरोपी दिनेश कुमार के पास से 1 लाख 39 हजार 930 रुपये मिले थे। नाबालिग के पास से 20 हजार रुपये बरामद हुए। तीनों से कुल 2 लाख 77 हजार 400 रुपए की नकदी जब्त की गई है। घटना 15-16 अप्रैल की रात की है।
मुंडारा गांव के श्री चामुंडा माताजी मंदिर में पीछे की दीवार तोड़कर बदमाश अंदर घुसे। मंदिर में रखा दानपात्र चुराया। उसे मंदिर के पीछे खाली जगह में तोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के समय मंदिर परिसर में पुजारी ओटाराम देवासी भी मौजूद थे। वे ग्रामीण विकास पंचायतराज व आपदा प्रबंधन राज्यमंत्री हैं। पुलिस ने 120 घंटे में मुख्य आरोपी दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। वह रिमांड पर था। अब रिमांड खत्म होने पर उसे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।


