PALI SIROHI ONLINE
माउंट आबू-सिरोही जिले के डोडूआ गांव के विश्वजीत सिंह देवड़ा लंदन स्थित क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी के छात्र संघ अध्यक्ष चुने गए हैं। वह इस प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष बनने वाले पहले भारतीय हैं।
क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी लंदन में 170 देशों के 31 हजार विद्यार्थी नामांकित हैं। विश्वजीत सिंह देवड़ा यहां 4 वर्षीय बीएससी प्रबंधन कोर्स के अंतिम वर्ष के छात्र हैं।
माउंट आबू में हुई प्रारंभित शिक्षा
उनकी प्रारंभिक शिक्षा माउंट आबू के सेंट मैरी हाई स्कूल से हुई, जिसके बाद उन्होंने बैंगलोर के बिशप कॉटन स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई की। इसके बाद लंदन की क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी में प्रवेश लिया। पिछले 3 साल से वह यूनिवर्सिटी के ब्रांड एंबेसडर के रूप में भी कार्यरत हैं।
डोडूआ गांव के बेटे का लंदन में परचम
विश्वजीत ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में छात्रों के लिए पेड कैंपस जॉब को बढ़ावा देने, सस्ती और अच्छी भोजन सुविधा, अलग किचन, किराए संबंधी समस्याओं का समाधान, बेहतर आवागमन सुविधाएं तथा सामाजिक व खेल गतिविधियों के लिए बजट बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चुनाव लड़ा। उन्हें इन मुद्दों पर छात्रों का समर्थन मिला।
पिता है नेता, मां दूसरी बार सरपंच, ऑस्ट्रेलिया में पढ़ती है बहन
विश्वजीत के पिता भवानी सिंह देवड़ा राजनीति में सक्रिय हैं और वर्तमान में ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष हैं। उनकी माता गिरिजा कुंवर डोडूआ ग्राम पंचायत की दूसरी बार सरपंच हैं और पूर्व में जिला परिषद सदस्य भी रह चुकी हैं। उनकी बहन मंजीत देवड़ा ऑस्ट्रेलिया में अध्ययनरत हैं। इस जीत से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोग विश्वजीत और उनके परिवार को बधाई दे रहे हैं।


