PALI SIROHI ONLINE
जालोर-उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। आरयूबी (रोड अंडर ब्रिज) निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिसके कारण कई ट्रेनें प्रभावित होगी। कार्य समदड़ी-लूनी रेलखण्ड के बीच सतलाना यार्ड में फाटक संख्या 227 पर होगा। 14 से 21 जून के बीच रेल यातायात प्रभावित रहेगा।
जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं, जिससे यह ट्रेनें जालोर नहीं आएंगी। वहीं कुछ ट्रेनों को पूरी तरह और कुछ को आंशिक रूप से रद्द किया गया है।इन स्टेशनों पर नहीं रुकेगी ट्रेनें
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, प्रभावित होने वाली रेल सेवाओं का शेड्यूल बदला गया है। जैसलमेर से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 20485 (जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस) 14 से 21 जून को अपने तय मार्ग के बजाय बदले हुए रूट वाया लूनी-मारवाड़-महेसाना होकर चलेगी।
वहीं यह ट्रेन पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, रानी, फालना, सुमेरपुर जवाई बांध, पिंडवाड़ा, आबूरोड, पालनपुर, सिद्धपुर और ऊंझा स्टेशन पर रुकेगी। रूट चेंज होने से यह ट्रेन अब दूदाड़ा, समदड़ी, मोकलसर, जालोर, मोदरान, मारवाड़ भीनमाल, रानीवाड़ा, धनेरा, भीलड़ी और पाटन स्टेशनों पर नहीं आएगी।
इन ट्रेनों का भी रूट बदला
वहीं गाड़ी संख्या 20486 (साबरमती-जैसलमेर एक्सप्रेस) 14 से 21 जून को साबरमती से रवाना होने वाली यह ट्रेन भी बदले हुए रूट वाया महेसाना-मारवाड़-लूनी होकर संचालित होगी। जो ऊंझा, सिद्धपुर, पालनपुर, आबूरोड, पिंडवाड़ा, सुमेरपुर जवाईबांध, फालना, रानी, मारवाड़ जंक्शन और पाली मारवाड़ स्टेशनों पर रुकेगी। वहीं पाटन, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी और दूदाड़ा स्टेशनों पर नहीं आएगी।यह ट्रेनें रहेगी पूरी तरह रद्द
गाड़ी संख्या 74839 (भगत की कोठी-बाड़मेर) 14 से 21 जून को पूरी तरह से रद्द रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 74840 (बाड़मेर-भगत की कोठी 15 से 22 जून को पूरी तरह से रद्द रहेगी।
यह ट्रेनें रहेगी आंशिक रद्द
गाड़ी संख्या 14896 (बाड़मेर-भगत की कोठी) 14 से 21 जून को बाड़मेर से रवाना होकर यह ट्रेन केवल समदड़ी तक ही जाएगी। यानी समदड़ी से भगत की कोठी के बीच यह आंशिक रूप से रद्द रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 14893 (भगत की कोठी-बाड़मेर) भी 14 से 21 जून को यह ट्रेन भगत की कोठी के बजाय समदड़ी स्टेशन से रवाना होगी। यानी भगत की कोठी से समदड़ी के बीच यह आंशिक रद्द रहेगी।
ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस के समय में बदलाव
गाड़ी संख्या 14887 (ऋषिकेश-बाड़मेर) 20 जून को ऋषिकेश स्टेशन से अपने निर्धारित समय से 2 घंटे की देरी से प्रस्थान करेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस ब्लॉक और रूट परिवर्तन को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

