PALI SIROHI ONLINE
मोहसिन खान
दिनदहाड़े लूट से दहला बाली: सोनवा बांध रोड पर दंपती पर हमला, सोने की कंठी और मोबाइल लूटकर फरार हुए बदमाश
महिला का हाथ फ्रैक्चर, पति के सिर में गंभीर चोट; पुलिस ने शुरू की गहन जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी टीम
बाली। बाली थाना क्षेत्र के सोनवा बांध रोड पर बुधवार दोपहर हुई दिनदहाड़े लूट की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बाइक सवार तीन बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से एक दंपती का पीछा कर उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद दंपती के साथ मारपीट की गई और महिला के गले से सोने की कंठी तथा पुरुष का मोबाइल फोन लूटकर आरोपी फरार हो गए। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हुई है, जबकि उसके पति के सिर में चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिरगेश्वर निवासी सखाराम चौधरी अपनी पत्नी मंजू चौधरी के साथ डुंगरली गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम (पुष्कर प्रसादी) में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। दोपहर के समय जब वे सोनवा बांध रोड पर डोवाराम और जसाजी मेघवाल के खेतों के सामने पहुंचे, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक का पीछा किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद आरोपियों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े।
पीड़ितों के अनुसार, गिरते ही बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने मंजू चौधरी के गले से सोने की कंठी छीन ली और सखाराम चौधरी का मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाश अपनी बाइक घटनास्थल पर ही छोड़ गए और पीड़ित दंपती की बाइक लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही बाली थाना अधिकारी परबत सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।
मिरगेश्वर सरपंच छेल सिंह चौहान ने भी इस घटना पर दुःख जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की माग की।
घटना में घायल मंजू चौधरी के हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि सखाराम चौधरी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को उपचार के लिए बाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मंजू चौधरी की स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे रेफर कर दिया गया।
बाली थानाधिकारी परबत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों द्वारा छोड़ी गई बाइक की भी जांच की जा रही है। उसके रजिस्ट्रेशन और स्वामित्व से जुड़े तथ्यों के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस की विभिन्न टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने और संदिग्धों से पूछताछ में जुटी हुई हैं।
दिनदहाड़े हुई इस लूट और हमले की घटना से क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, मुख्य मार्गों पर निगरानी मजबूत करने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं आमजन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है।
पुलिस का कहना है कि मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।



