
PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-समाज में सेवा और मानवता की मिसाल कायम करते हुए, हिंदू सेवा मंडल जोधपुर ने एक बार फिर अपने निस्वार्थ कार्यों से सभी को प्रेरित किया है। मोक्ष प्राप्ति की कामना के साथ मंडल के 21 सदस्यीय शिष्टमंडल ने 1121 लावारिस और असहाय मृतकों की अस्थियां हरिद्वार के हर की पौड़ी पर मां गंगा की गोद में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ प्रवाहित की।
हिंदू सेवा मंडल के प्रधानमंत्री विष्णुचंद्र प्रजापत ने बताया कि ये अस्थियां पिछले दो वर्षों से जोधपुर के सिवांची गेट स्थित स्वर्गाश्रम के अस्थि बैंक में सुरक्षित रखी गई थीं। तय मुहूर्त में इन्हें शोभायात्रा के रूप में मंडल कार्यालय लाया गया, फिर घंटाघर प्रांगण में आमजन के दर्शनार्थ रखा गया। मृत आत्माओं की शांति और मोक्ष के लिए गीता पाठ और भजन संध्या का आयोजन भी किया गया।
तत्पश्चात, सोमवार को गणमान्य लोगों की उपस्थिति में शिष्टमंडल के साथ अस्थियां हरिद्वार के लिए रवाना हुईं। हर की पौड़ी घाट पर विधायक मदन कौशिक के आतिथ्य में गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम, महामंत्री तन्मय वशिष्ठ और मंडल अध्यक्ष महेश जाजड़ा की अध्यक्षता में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इन सभी अस्थियों का विसर्जन किया गया।
सेवा की सतत परंपरा
हिंदू सेवा मंडल पिछले 100 वर्षों से मानव सेवा में समर्पित है। संस्था मारवाड़ का कुंभ ‘भोगीशैल परिक्रमा’ का संचालन, बाबा रामदेव मेले में निःशुल्क भोजन, यात्रियों को घर पहुंचाने की व्यवस्था, प्राकृतिक आपदाओं में राहत सामग्री वितरण, पानी की प्याऊ, सर्वजातीय ‘मोक्षधाम’ का संचालन और कोविड-19 के समय सेवा कार्य जैसे अनेक कार्य करती आ रही है। विशेष रूप से, लावारिस शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार और अस्थियों का विधिवत विसर्जन मंडल की संवेदनशीलता और समर्पण को दर्शाता है।
प्रेरणा देने वाले चेहरे
इस पुनीत कार्य में मंडल के प्रधान महेश कुमार जाजड़ा, उपप्रधान भेरूप्रकाश दाधीच, प्रधानमंत्री विष्णुचंद्र प्रजापत, कोषाध्यक्ष कैलाश जाजू, संस्कार मंत्री राकेश गौड़, सुरेश पारिक, मदन सैन, ताराचंद शर्मा, प्रेमराज खिवसरा, दिनेश रामावत, नरेंद्र सिंह गहलोत, सुरेंद्र सिंह सांखला, हन्वतराज गाछ्छा, यतिंद्र प्रजापत, गौरीशंकर गांधी, महेंद्रसिंह तंवर, प्रदीप सांखला, रामेश्वर दाधीच, महिमराज गौड़, मोहित राज गौड़ सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।


